Jharkhand Air Ambulance Accident: झारखंड के चतरा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां सोमवार शाम रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस क्रैश हो गई। इस हादसे में विमान में सवार 41 वर्षीय मरीज संजय कुमार की मौत हो गई। संजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन बीच रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) द्वारा जारी बयान के अनुसार, रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित यह बीचक्राफ्ट किंग एयर (BE9L) विमान शाम 7:11 बजे हवा में था। करीब 23 मिनट बाद, शाम 7:34 बजे कोलकाता एयरोड्रम से इसका रडार संपर्क टूट गया। उस वक्त विमान वाराणसी से लगभग 100 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व की दिशा में था। विमान चतरा जिले के घने इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे का शिकार हुए मरीज संजय कुमार लातेहार जिले के चंदवा के रहने वाले थे। देवकमल हॉस्पिटल के चीफ प्लास्टिक सर्जन डॉ. अनंत सिन्हा ने बताया कि संजय 16 फरवरी को भर्ती हुए थे और वे 65 फीसदी तक जल चुके थे। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली शिफ्ट करने का निर्णय लिया था। सोमवार शाम करीब 4:30 बजे उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर एयरपोर्ट भेजा गया था, जहां से उन्होंने दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी।
विमान में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें मुख्य पायलट कैप्टन विवेक विकास भगत और को-पायलट कैप्टन सवराजदीप सिंह शामिल थे। मरीज के साथ उनकी अटेंडेंट अर्चना देवी और धुरु कुमार, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता और पैरामेडिक सचिन कुमार मिश्रा भी विमान में मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की सर्च और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है। केंद्र सरकार ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की एक टीम को जांच के लिए रवाना कर दिया है।
