पटना: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच राजधानी पटना स्थित जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय में एक नई तस्वीर ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। जदयू कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की साझा तस्वीर लगाई गई है।
इस तस्वीर पर एक बड़ा और स्पष्ट नारा लिखा गया है: “महिलाओं की जय जयकार, फिर से एनडीए सरकार”। यह स्लोगन महिलाओं को केंद्र में रखकर एनडीए के सामाजिक एजेंडे को रेखांकित करता है और आगामी चुनावों के लिए गठबंधन की रणनीतिक दिशा भी दर्शाता है।
इस तस्वीर के माध्यम से यह साफ संकेत है कि जदयू और बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन विधानसभा चुनाव में एकजुट और मजबूती के साथ उतरने को तैयार है। ऐसे समय में जब विपक्ष लगातार एनडीए पर हमलावर रहा है और गठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठाता रहा है, यह दृश्यात्मक संदेश राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह कदम महिला मतदाताओं को साधने की एक बड़ी कोशिश है, जो बिहार के चुनावी समीकरण में निर्णायक भूमिका निभाती रही हैं। साथ ही यह तस्वीर बीजेपी और जदयू के बीच रिश्तों को फिर से मजबूती देने का प्रतीक भी बनती नजर आ रही है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि विपक्ष इस तस्वीर पर क्या प्रतिक्रिया देता है और क्या यह संदेश एनडीए को चुनावी लाभ दिला पाता है या नहीं।
