भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध सामान्य करने की मांग को लेकर दोनों देशों की 117 प्रमुख हस्तियों ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को एक खुला पत्र लिखा है। पत्र में दोनों देशों के बीच तनाव कम करने, वीजा सेवाएं बहाल करने और एयरस्पेस दोबारा खोलने की अपील की गई है।
यह खुला पत्र सेंटर फॉर पीस एंड प्रोग्रेस की ओर से जारी किया गया है। इसमें दोनों देशों के बीच संरचित वार्ता शुरू करने, पूर्ण राजनयिक संबंध बहाल करने और लोगों के बीच आपसी संपर्क फिर से शुरू करने की मांग की गई है। साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक आवाजाही को बढ़ावा देने की भी अपील की गई है।
भारत की ओर से इस पत्र पर 61 लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। इनमें फारूक अब्दुल्ला, मीरवाइज उमर फारूक, महबूबा मुफ़्ती, मनोज झा और हुमायूं कबीर शामिल हैं। सभी हस्ताक्षर डिजिटल माध्यम से किए गए हैं।
वहीं पाकिस्तान की ओर से 56 प्रमुख हस्तियों ने इस पहल का समर्थन किया है। हस्ताक्षरकर्ताओं में पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी, पूर्व राजनयिक अशरफ जहांगीर काज़ी, नेशनल असेंबली के सदस्य इस्फनयार भंडारा और परमाणु वैज्ञानिक परवेज हूदभॉय शामिल हैं।
खुले पत्र में दोनों सरकारों से कई मांगें रखी गई हैं। इनमें भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव समाप्त कर बातचीत बहाल करना, नई दिल्ली और इस्लामाबाद में हाई कमिश्नरों की दोबारा नियुक्ति, सामान्य वीजा सेवाओं की बहाली, दोनों देशों के बीच एयरस्पेस दोबारा खोलना, धार्मिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना, जम्मू-कश्मीर पर फिर से बातचीत शुरू करना तथा वर्ष 2004 और 2007 की समग्र वार्ता प्रक्रिया को आगे बढ़ाना शामिल है।
