नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और ईरान संकट के कारण देश में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस (LPG) को लेकर मची अफरा-तफरी अब धीरे-धीरे कम होने लगी है। सरकार और तेल कंपनियों ने सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है। इसी कड़ी में, देश की अग्रणी गैस कंपनी इंडेन (Indane) ने ग्राहकों की सुविधा के लिए नए बुकिंग नंबर जारी किए हैं, ताकि सिस्टम पर बढ़ते बोझ को कम किया जा सके और पैनिक बुकिंग से बचा जा सके।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में कच्चे तेल की आपूर्ति पर्याप्त है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। मंत्रालय की एडिशनल सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने ग्राहकों से अपील की है कि वे केवल जरूरत होने पर ही सिलेंडर बुक कराएं। उन्होंने बताया कि पैनिक बुकिंग के कारण वितरण प्रणाली पर अनावश्यक दबाव पड़ रहा है। इसके अलावा, कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं को पीएनजी (PNG) की ओर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की उपलब्धता बढ़ाई जा सके।
इंडेन गैस बुकिंग के लिए अब इन नंबरों का करें इस्तेमाल
ग्राहकों की सुविधा के लिए इंडेन ने निम्नलिखित नए और पुराने नंबरों की सूची साझा की है, जो 24×7 उपलब्ध हैं:
- नया मिस्ड कॉल नंबर: 8927225667
- नया IVRS नंबर: 8391990070
- मौजूदा अखिल भारतीय मिस्ड कॉल नंबर: 8454955555
- वॉट्सऐप बुकिंग नंबर: 7588888824
- टोल-फ्री हेल्पलाइन: 1800-2333-555
कालाबाजारी पर बड़ा प्रहार और डिजिटल बुकिंग की सलाह
तेल संकट की खबरों के बीच कई राज्यों से एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। इसे रोकने के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय ने राज्य सरकारों और तेल कंपनियों की संयुक्त टीमों के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू कर दी है। अकेले उत्तर प्रदेश में 1400 स्थानों पर औचक निरीक्षण किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप 19 प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई हैं। 13 मार्च को देश भर में 1300 से अधिक जगहों पर छापेमारी कर कालाबाजारी करने वालों पर नकेल कसी गई।
सरकार ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे डीलरशिप या बिचौलियों के पास जाने के बजाय केवल डिजिटल माध्यमों का ही उपयोग करें। ऑनलाइन बुकिंग से पारदर्शिता बनी रहती है और निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे वसूले जाने की गुंजाइश खत्म हो जाती है। मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि देश में ईंधन और गैस का पर्याप्त भंडार है, इसलिए नागरिक अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बरतें।
