“मैं प्याज खाता हूं, दिमाग नहीं”: बंगाल में झालमुरी की दुकान पर पहुंचे पीएम मोदी, दुकानदार के साथ की मजेदार बातचीत

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान नरेंद्र मोदी का एक दिलचस्प वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो झारग्राम का बताया जा रहा है, जहां पीएम मोदी एक स्थानीय दुकानदार के पास रुककर झालमुरी का स्वाद लेते नजर आ रहे हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए जारी धुआंधार प्रचार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक बेहद दिलचस्प और आत्मीय वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। झारग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी अचानक सड़क किनारे एक झालमुरी की दुकान पर जा पहुंचे। प्रधानमंत्री को अपने सामने देख दुकानदार विक्रम साहो की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने न केवल बंगाल की मशहूर झालमुरी का स्वाद लिया, बल्कि दुकानदार के साथ हंसी-मजाक और उनके निजी जीवन के बारे में भी विस्तार से चर्चा की।

झालमुरी बनाने के दौरान जब दुकानदार ने प्रधानमंत्री से पूछा कि क्या वे अपनी झालमुरी में प्याज डलवाना चाहेंगे, तो पीएम मोदी ने चुटीले अंदाज में जवाब दिया, “मैं प्याज खाता हूँ, किसी का दिमाग नहीं खाता।” प्रधानमंत्री के इस हाजिरजवाबी भरे अंदाज ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। झालमुरी खाने के बाद प्रधानमंत्री ने नियमों का पालन करते हुए उसे पैसे भी दिए। शुरुआत में दुकानदार ने प्रधानमंत्री से पैसे लेने से साफ इनकार कर दिया था, लेकिन पीएम मोदी के बार-बार आग्रह करने पर उसने पैसे स्वीकार कर लिए।

न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में दुकानदार विक्रम साहो ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के गया जिले का रहने वाला है। विक्रम ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उनसे उनके परिवार और शिक्षा के बारे में भी पूछा। विक्रम केवल नौवीं कक्षा तक ही पढ़ पाए हैं क्योंकि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि उनके परिवार में तीन लोग हैं और वे अपनी मां सुनीता देवी और पिता उत्तम साहो के साथ रहते हैं। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने विक्रम को “बढ़िया से रहने” की सलाह दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विक्रम ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उनसे राजनीति को लेकर कोई बात नहीं की, बल्कि एक अभिभावक की तरह उनके काम और जीवन के बारे में पूछताछ की। हालांकि, विक्रम को इस बात का मलाल रह गया कि इतनी पास होने के बावजूद वे प्रधानमंत्री का ऑटोग्राफ नहीं ले पाए। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह किसी सपने जैसा था कि देश का प्रधानमंत्री उनकी छोटी सी दुकान पर आया और उनके हाथ की बनी झालमुरी खाई। प्रधानमंत्री का यह सादगी भरा अंदाज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale