Ghaziabad Sisters Suicide Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में मंगलवार (3 फरवरी) की देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। गाजियाबाद की भारत सिटी सोसाइटी में तीन नाबालिग सगी बहनों ने नवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक बहनों की उम्र 12–14 वर्ष और 16 वर्ष बताई गई है। तीनों ने एक साथ यह कदम उठाया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
इस ट्रिपल सुसाइड मामले में जो तथ्य सामने आ रहे हैं, वे चौंकाने वाले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बहनों ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था, जिससे उनके इस कदम के पीछे की वजह सामने आने लगी है। नोट में लिखा था, “वी आर लव कोरियन लव लव लव… सॉरी।” इससे संकेत मिलता है कि तीनों बहनें दक्षिण कोरिया के मशहूर सिंगर्स और एक्टर्स को देखना पसंद करती थीं।
सुसाइड नोट में आगे लिखा गया है, “लो छुड़वाओगे हमसे कोरियन, कोरियन हमारी जान थी। तुम नहीं जानते थे कि हम उन्हें कितना चाहते थे, लो अब देख लिया सबूत।” नोट के अनुसार, परिवार की ओर से कोरियन ड्रामा आदि छोड़कर अन्य चीजों पर ध्यान देने की बात कही जाती थी, जो बच्चियों को पसंद नहीं था।
नोट में यह भी लिखा गया है, “अब तो यकीन हो गया कि कोरियन और K-Pop हमारी जान है। जितना हम कोरियन एक्टर और K-Pop ग्रुप को चाहते थे, उतना हम तुम घरवालों को भी नहीं चाहते थे। कोरियन तो हमारी जान थी।”
इसके साथ ही सुसाइड नोट में घरवालों की मार का जिक्र भी किया गया है। नोट में लिखा गया, “हम क्या तुम्हारी मार खाने के लिए इस दुनिया में जियें? नहीं भाई नहीं, मार से बढ़िया तो हमें मौत ही अच्छी लगेगी।”
नोट में शादी को लेकर डर और तनाव का भी उल्लेख है। इसमें लिखा गया, “शादी के नाम से तो हमारे दिल में टेंशन होती थी। हम कोरियन को पसंद करते थे, उन्हीं से प्यार करते थे और शादी इंडिया के आदमी से—कभी नहीं। ऐसे तो हमें खुद से भी उम्मीद नहीं थी। तो इसलिए हमने खुदकुशी कर ली। सॉरी पापा।”
फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच कर रही है और सुसाइड नोट के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जा रही है।
