गाजियाबाद: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी गुरुवार को गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (CEL) कंपनी के स्वर्ण जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। उनके कार्यक्रम को देखते हुए शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हिंडन एयरपोर्ट से लेकर समारोह स्थल तक 1400 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें स्पेशल कमांडो, पुलिस और पीएसी बल शामिल हैं।
CEL कंपनी अपने 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रही है, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10:25 बजे लखनऊ एयरपोर्ट से रवाना होकर 11:15 बजे हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से उनका काफिला कार द्वारा साहिबाबाद स्थित CEL कंपनी के समारोह स्थल तक जाएगा।
मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और CEL के कर्मचारियों को संबोधित करेंगे। वह कंपनी के पिछले 50 वर्षों की उपलब्धियों का अवलोकन करेंगे और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के बाद दोपहर 1:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पार्टी के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ मानसरोवर भवन में बैठक करेंगे।
