हिंदी सिनेमा की दिग्गज और सुरों की मलिका आशा भोसले के निधन की खबर ने पूरे देश को शोक में डुबो दिया है। तमाम फिल्मी गानों को अपनी मखमली आवाज से सजाने वाली आशा भोसले ने 92 साल की उम्र में रविवार, 12 अप्रैल को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से भारतीय सिनेमा और संगीत जगत को एक अपूरणीय क्षति पहुंची है। फैंस गमगीन हैं और पूरी फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूबी हुई है। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा।
आशा भोसले के निधन पर फिल्मी दुनिया की कई बड़ी हस्तियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। अभिनेत्री कंगना रनौतऔर फिल्म निर्माता करण जौहर ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है और उनके योगदान को याद किया है।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि आशा भोसले भारत की सबसे जानी-मानी और बहुमुखी आवाजों में से एक थीं। उनकी दशकों लंबी संगीत यात्रा ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में करोड़ों लोगों के दिलों को छुआ। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी आवाज में एक कालातीत चमक थी, जो हर तरह के गीतों में झलकती थी—चाहे वह दिल को छू लेने वाली धुनें हों या जोशीले गीत। उन्होंने परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि आशा भोसले की आवाज आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।
भारतातील सर्वात ख्यातनाम आणि अष्टपैलू आवाजांपैकी एक असलेल्या आशा भोसले जी यांच्या निधनाने अतिशय दुःख झाले. त्यांच्या अनेक दशकांच्या अद्वितीय संगीत प्रवासाने आपल्या सांस्कृतिक वारशाला समृद्ध केले आणि जगभरातील असंख्य लोकांच्या मनाला स्पर्श केला. भावपूर्ण गीतांपासून ते जोशपूर्ण… pic.twitter.com/JsjoxbdCCt
— Narendra Modi (@narendramodi) April 12, 2026
अभिनेत्री हेमा मालिनी ने भी सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि “आशा ताई अब नहीं रहीं, यह विश्वास करना बेहद कठिन है। वह एक जिंदादिल इंसान थीं, जिन्होंने अपने गानों में जान डाल दी। उनके साथ मेरा गहरा भावनात्मक जुड़ाव था। उन्होंने अपनी अनोखी आवाज से मेरे कई गानों को अमर बना दिया। लता मंगेशकरऔर आशा जी दोनों के साथ मेरा खास रिश्ता रहा है और मेरी सफलता में उनका बहुत बड़ा योगदान है।”
संगीतकार एआर रहमान ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि “वह अपनी आवाज और आभा के जरिए हमेशा जिंदा रहेंगी। वह एक अद्भुत कलाकार थीं।”
आशा भोसले का जाना सिर्फ एक कलाकार का जाना नहीं, बल्कि भारतीय संगीत के एक स्वर्णिम युग का अंत माना जा रहा है। उन्होंने हजारों गानों के जरिए न सिर्फ भारत, बल्कि पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाई। उनकी आवाज, उनका अंदाज और उनका योगदान हमेशा अमर रहेगा।
