‘Bomb’ Alert in Delhi: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर बम की धमकियों से हड़कंप मच गया है। सोमवार को दिल्ली विधानसभा, ऐतिहासिक लाल किला, दो प्रतिष्ठित स्कूलों और आम आदमी पार्टी के नेता दिलीप पांडे को निशाना बनाते हुए धमकी भरे ई-मेल भेजे गए। कथित तौर पर एक खालिस्तानी समूह के नाम से भेजी गई इन धमकियों के बाद पूरी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
सोमवार सुबह दिल्ली विधानसभा और लाल किला को बम से उड़ाने का ई-मेल मिलने के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया। बॉम्ब स्क्वाड और डॉग स्क्वाड की मदद से विधानसभा परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, घंटों चली जांच के बाद पुलिस ने साफ किया कि वहां कोई भी संदिग्ध या हानिकारक वस्तु नहीं मिली है। इसी तरह, दिल्ली कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी कॉलोनी के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को भी सुबह करीब 9 बजे धमकी भरे मेल मिले। एहतियातन स्कूलों को तुरंत खाली कराया गया, लेकिन जांच के बाद इन धमकियों को भी फर्जी (होएक्स) करार दिया गया।
राजनीतिक गलियारों में भी उस वक्त हड़कंप मच गया जब ‘आप’ नेता दिलीप पांडे ने अपनी निजी ई-मेल आईडी पर जान से मारने की धमकी मिलने की जानकारी साझा की। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों को दी और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि जन सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने मामले की समीक्षा और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल अब इन सभी ई-मेल्स के आईपी एड्रेस और मूल स्थान को ट्रैक करने में जुटी है।
चिंता की बात यह है कि पिछले डेढ़ साल के भीतर दिल्ली के स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों को 50 से अधिक बार ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं। अकेले पिछले एक महीने में ही यह तीसरी बड़ी घटना है जब एक साथ कई संस्थानों को निशाना बनाया गया। 9 और 13 फरवरी को भी दिल्ली के दर्जनों स्कूलों को वीपीएन के जरिए इसी तरह के मेल भेजे गए थे। हालांकि अब तक की जांच में पुलिस के हाथ कोई ठोस सफलता नहीं लगी है और अधिकांश मामलों की गुत्थी अनसुलझी है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन फर्जी धमकियों का मकसद राजधानी में दहशत फैलाना और व्यवस्था को बाधित करना है।
