आजमगढ़, उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज आजमगढ़ में लिंक एक्सप्रेस-वे कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू राज्य’ की छवि से बाहर निकलकर ‘एक्सप्रेस-वे प्रदेश’ बन रहा है। उन्होंने जोर दिया कि आठ वर्ष पहले प्रदेश के युवाओं और नागरिकों के सामने पहचान का संकट था, जिसे पिछली सरकारों ने आजमगढ़ के लिए विशेष रूप से पैदा किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज आजमगढ़ अदम्य साहस का गढ़ बन गया है। प्रगति होगी तो समृद्धि भी आएगी।” उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे आजमगढ़ और मऊ के लोग अब सुबह लखनऊ जाकर अपना काम निपटाकर शाम तक वापस लौट आते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 2017 में जब उनकी सरकार सत्ता में आई थी, तब उत्तर प्रदेश में केवल डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे। अब, पटना से लेकर लखनऊ और लखनऊ से दिल्ली तक की कनेक्टिविटी तैयार हो रही है। उन्होंने दिल्ली-मेरठ के बीच बने 12 लेन के एक्सप्रेस-वे का भी जिक्र किया, जिससे अब दिल्ली से मेरठ तक का सफर सिर्फ 45 मिनट में पूरा होता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है और प्रदेश में कुल छह एक्सप्रेस-वे निर्माणाधीन हैं।
'पूर्वांचल' की प्रगति, समृद्धि और आर्थिकी को नई गति प्रदान करने वाले गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण हेतु जनपद आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में… https://t.co/LMIEzcXXie
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 20, 2025
मुख्यमंत्री ने दृढ़ता से कहा, “हम इंफ्रास्ट्रक्चर को इतना मजबूत कर देंगे कि प्रदेश को समृद्ध होने से कोई रोक नहीं सकेगा।” उन्होंने पिछली सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि 2017 से पहले यह पता ही नहीं चलता था कि गड्ढे में सड़क है या सड़क में गड्ढे।
योगी ने बताया कि अब इन्हीं एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक क्लस्टर बनाए जा रहे हैं, जहां उद्योग लगेंगे और युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने जाति के नाम पर बांटने वाले लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वे सत्ता में थे, तो केवल अपने परिवार की बात करते थे।
उन्होंने हाल ही में हुई 60 हजार सिपाही भर्ती का उदाहरण देते हुए कहा, “आज 60 हजार सिपाही भर्ती में इसी आजमगढ़ के युवा भर्ती हुए हैं। किसी का जाति, मत, मजहब नहीं पूछा गया, कोई सिफारिश नहीं हुई। 2017 के पहले यही भर्ती होती तो चाचा-भतीजा झोला लेकर निकल पड़ते… यही है सबका साथ, सबका विकास।”
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश ने विरासत और विकास का समन्वय स्थापित किया है। उन्होंने महाकुंभ, काशी विश्वनाथ धाम, चित्रकूट धाम और विंध्यवासिनी धाम के विकास का जिक्र किया और कहा कि अब मथुरा के विकास की बारी है।
'नए उत्तर प्रदेश' में समृद्धि की अनंत संभावनाओं के द्वार खोलता गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण हेतु जनपद गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में… https://t.co/TkYrKmhtbF
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 20, 2025
