नई दिल्ली: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में छात्रसंघ चुनाव से पहले माहौल गर्म हो गया है। मंगलवार को किरोड़ीमल कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के छात्रों के बीच झड़प हुई। जानकारी के अनुसार, झगड़े के दौरान ABVP से जुड़े छात्रों ने पूर्वांचल क्षेत्र से आए कुछ छात्रों पर हमला किया। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षाकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
एनएसयूआई ने ABVP पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि पूर्वांचल के छात्रों और उनके नेता अजय राय के कार्यक्रम से पहले ही ABVP ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। NSUI का कहना है कि ABVP ने पूर्वांचल छात्रों पर हमला कर उनके कपड़े तक फाड़ दिए।
ABVP को पूर्वांचल से इतनी नफ़रत है कि पूर्वांचल के चहेते नेता अजय राय जी के कार्यक्रम से पहले, NSUI के पूर्वांचल के साथियों से मारपीट कर प्रोग्राम बिगाड़ने की कोशिश की।
— NSUI (@nsui) September 16, 2025
लेकिन याद रहे—मारपीट और गुंडागर्दी का जवाब अब छात्र अपने वोट से देंगे। pic.twitter.com/Yp3JuPrxX4
इस दिन उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी नॉर्थ कैंपस पहुंचे थे और उन्होंने छात्रों से मुलाकात की। अजय राय ने कहा कि “यह चुनाव छात्रों के भविष्य से जुड़ा है और NSUI को लगातार समर्थन मिल रहा है, जिससे ABVP बौखला गया है।”
कॉलेज प्रशासन और पुलिस ने फिलहाल इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन छात्र राजनीति से जुड़े इस विवाद ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।
