Bhiwadi Workers Protest: भिवाड़ी के चौपानगी औद्योगिक क्षेत्र में मजदूर आंदोलन ने अचानक उग्र रूप ले लिया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बाद अब राजस्थान में भी श्रमिकों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई देने लगा है। पथरेड़ी स्थित सुप्राजीत इंजीनियरिंग लिमिटेड के कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया, जो धीरे-धीरे बेकाबू हो गया।
सोमवार सुबह शुरू हुआ यह प्रदर्शन देखते ही देखते सड़क जाम में बदल गया। बड़ी संख्या में श्रमिक कंपनी के बाहर इकट्ठा हो गए और मुख्य मार्ग को बाधित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने की कोशिश की, लेकिन जब प्रदर्शनकारियों ने हटने से इनकार किया तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे मजदूरों को हटाने के लिए डंडे बरसाए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कुछ युवकों को हिरासत में भी लिया गया। जैसे ही पुलिस ने गिरफ्तारी शुरू की, महिला श्रमिकों ने इसका विरोध किया और पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हुई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और झड़प साफ देखी जा सकती है।
इस मामले में भिवाड़ी के एडिशनल एसपी अतुल साहू ने बताया कि कंपनी में केबल निर्माण का काम होता है और कर्मचारी लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग कर रहे थे। सोमवार सुबह अचानक वे धरने पर बैठ गए और बाद में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पहले श्रमिकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
हालांकि पुलिस अधिकारियों ने किसी भी प्रकार के अत्यधिक बल प्रयोग से इनकार किया है और कहा है कि हालात को नियंत्रित करने के लिए जरूरी कदम उठाए गए। वहीं, श्रमिकों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से अनदेखी की जा रही थीं, जिसके चलते उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि श्रमिकों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत जारी है और जल्द ही समाधान निकलने की उम्मीद जताई जा रही है।
