West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की 294 सीटों में से 291 सीटों के लिए अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस बार की सूची में ममता बनर्जी ने कड़ा रुख अपनाते हुए 75 मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं दिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन विधायकों को उनके खराब प्रदर्शन और जनता के बीच कमजोर पकड़ के कारण हटाया गया है। ममता बनर्जी ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि उनकी पार्टी 226 सीटें जीतकर एक बार फिर सत्ता में जोरदार वापसी करेगी।
भाबानीपुर में होगा ‘महासंग्राम’, सुवेंदु से सीधी टक्कर
इस चुनाव का सबसे बड़ा मुकाबला दक्षिण कोलकाता की भाबानीपुर सीट पर देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद इसी सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगी, जहाँ उनका सामना भाजपा के कद्दावर नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी से होगा। आपको याद दिला दें कि 2021 के चुनाव में दोनों प्रतिद्वंद्वी नंदीग्राम सीट पर आमने-सामने थे, जहाँ सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को बेहद कड़े मुकाबले में हरा दिया था। इस बार भाबानीपुर की जंग पर पूरे देश की निगाहें टिकी होंगी।
टिकट वितरण में सामाजिक समीकरणों का तालमेल
तृणमूल कांग्रेस ने अपनी सूची में समावेशी राजनीति की झलक दिखाने की कोशिश की है। कुल उम्मीदवारों में से 18 फीसदी यानी 52 महिलाओं को टिकट दिया गया है। इसके अलावा, पार्टी ने अनुसूचित जाति (SC) के 95 और अल्पसंख्यक समुदाय के 47 उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है। अभिषेक बनर्जी ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों के चयन में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, हर आयु वर्ग का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। वहीं, दार्जिलिंग और पहाड़ी क्षेत्र की तीन सीटें ममता बनर्जी ने अनित थापा की पार्टी ‘भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा’ (IGP) के लिए छोड़ी हैं।
मैदान में उतरे खिलाड़ी और नए चेहरे
टीएमसी ने इस बार सेलिब्रिटी चेहरों के बजाय जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेताओं को अधिक तरजीह दी है, फिर भी कुछ बड़े नाम शामिल किए गए हैं। खेल जगत से एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता स्वप्ना बर्मन और पूर्व क्रिकेटर शिव शंकर पाल को चुनावी मैदान में उतारा गया है। अभिनेता सोहम चक्रवर्ती तेहट्टा से लड़ेंगे, जबकि पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष बेलियाघाटा से अपने चुनावी सफर की शुरुआत करेंगे। दूसरी तरफ, चिरंजीत चक्रवर्ती और पार्थ चटर्जी जैसे कई दिग्गज नेताओं को इस बार टिकट की दौड़ से बाहर रखा गया है।
चुनाव आयोग पर बरसीं मुख्यमंत्री
उम्मीदवारों के एलान के साथ ही ममता बनर्जी ने भारतीय चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आयोग द्वारा किए जा रहे प्रशासनिक फेरबदल और अधिकारियों के तबादलों पर कड़ी आपत्ति जताई। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद मतदाता सूची में जरूरी संशोधन नहीं किए गए हैं। उन्होंने आयोग को चुनौती देते हुए कहा कि वे प्रशासनिक फेरबदल के बजाय सीधे राजनीतिक मंच पर आकर मुकाबला करें। साथ ही उन्होंने साफ किया कि आयोग चाहे जितने तबादले कर ले, सभी अधिकारी राज्य के ही अंग हैं और वे अपना काम जानते हैं।
