दिल्ली के बुजुर्गों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अब 70 साल या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को 10 लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
आज दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में ‘आयुष्मान वय वंदना कार्ड’ के वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मौजूद रहेंगे।
इस योजना के तहत बुजुर्गों को पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) के अंतर्गत मिलेगा और अतिरिक्त पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिल्ली सरकार द्वारा दिया जाएगा।
5 अप्रैल को केंद्र सरकार की नेशनल हेल्थ एजेंसी (NHA) और दिल्ली सरकार की स्टेट हेल्थ एजेंसी (SHA) के बीच इस योजना को लागू करने के लिए एमओयू साइन किया गया था।
आज से बुजुर्गों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड वितरित किए जाएंगे और आधार कार्ड के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू होगी। कार्ड जारी होने के बाद, बुजुर्ग दिल्ली और देशभर में आयुष्मान भारत योजना से जुड़े अस्पतालों में अस्थमा, ब्लड प्रेशर, किडनी की समस्या, हृदय रोग और मोतियाबिंद जैसी बीमारियों का नि:शुल्क इलाज करवा सकेंगे।
आयुष्मान वय वंदना कार्ड के जारी होने से दिल्ली के बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुविधा के क्षेत्र में बड़ी राहत मिलने जा रही है।
