आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में गुरुवार तड़के एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। रायवरम के पास मार्कपुरम मंडल में एक निजी बस और बजरी से लदे ट्रक (टिपर लॉरी) के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में कम से कम 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत भीषण आग लग गई, जिससे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
टक्कर के बाद आग का गोला बनी बस
मार्कपुरम डीएसपी हर्षवर्धन राजू के अनुसार, निजी ट्रेवल्स की यह बस तेलंगाना के जगतियाल से प्रकाशम जिले के कालिगिरी (पोडिली) की ओर जा रही थी। रायवरम में स्लैब खदानों के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से इसकी सीधी भिड़ंत हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर के बाद एक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते दोनों वाहन आग की लपटों में घिर गए। बस में सवार 13 यात्री जिंदा जल गए, जबकि लगभग 20 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
बचाव अभियान और घायलों की स्थिति
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तुरंत मार्कपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं, क्योंकि शव बुरी तरह झुलस चुके हैं।
जांच के आदेश
डीजी फायर और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार या मानवीय चूक की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या बस में कोई ज्वलनशील पदार्थ मौजूद था जिसकी वजह से आग इतनी तेजी से फैली। फिलहाल मौके पर बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है और यातायात बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
