अहमदाबाद: एयर इंडिया ड्रीमलाइनर विमान हादसे के बाद राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ फॉरेंसिक जांच और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
अब तक 240 डीएनए और खून के सैंपल एकत्र किए गए हैं, ताकि मृतकों की पहचान सुनिश्चित की जा सके। इस प्रक्रिया में 10 फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीमें लगाई गई हैं, जिनमें 36 विशेषज्ञ शामिल हैं। ये टीमें जले हुए शवों की पहचान, ब्लैक बॉक्स की जानकारी और तकनीकी विश्लेषण का कार्य कर रही हैं।
हादसे में कुल 50 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 16 का इलाज OPD (आउट पेशेंट डिपार्टमेंट) में किया जा रहा है। 12 घायलों को जल्द डिस्चार्ज किया जा सकता है, क्योंकि उनकी हालत अब स्थिर है। वहीं कुछ घायलों का इलाज अब भी ICU (गहन चिकित्सा इकाई) में जारी है।
फिलहाल 8 शवों की पहचान कर ली गई है, और उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि अन्य शवों की पहचान के लिए DNA मिलान की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
