नई दिल्ली: 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा की हिरासत 12 दिन के लिए बढ़ा दी गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कोर्ट को बताया कि तहव्वुर राणा सिर्फ मुंबई हमले तक सीमित नहीं था, बल्कि वह लश्कर-ए-तैयबा के इशारे पर डेविड हेडली के साथ मिलकर दिल्ली, जयपुर और अजमेर जैसे प्रमुख शहरों में भी मुंबई जैसे बड़े हमले की साजिश रच रहा था।
NIA ने कोर्ट में कहा कि चूंकि मामला 26/11 तक सीमित नहीं है, इसलिए राणा की गहन पूछताछ जरूरी है। इसीलिए 12 दिन की अतिरिक्त कस्टडी मांगी गई थी।
NIA ने बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच ने भी तहव्वुर राणा से करीब 8 घंटे तक पूछताछ की थी, लेकिन वह जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं कर रहा है।
कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना आदेश सुरक्षित रखा था और अंत में NIA को 12 दिन की कस्टडी दे दी। अब एजेंसी आगे की जांच में तहव्वुर राणा से गहन पूछताछ कर देशभर में संभावित आतंकी साजिशों का खुलासा करने की तैयारी में है।
