चित्रकूट: नया गांव थाना क्षेत्र में 47 भैंसों से भरा एक ट्रक सोमवार को यूपी-एमपी सीमा के गढ़ीवा गांव के ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। सूचना मिलने पर नया गांव थाना प्रभारी डीआर शर्मा मय फोर्स मौके पर पहुंचे और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों के मुताबिक, यूपी के मनका-बरगढ़ क्षेत्र से चोरी कर भैंसों को एक ट्रक में ले जाया जा रहा था। भीड़ देखकर ट्रक छोड़कर उसमें मौजूद दो लोग फरार हो गए। देर शाम पुलिस ने जबलपुर निवासी नितिन सेन और पवन वर्मन को यूपी सीमा के पास से पकड़ लिया।
ट्रक में 45 भैंसें और दो भैंस के बच्चे मिले। आरोपी पशुओं को ले जाने का कोई कागजात नहीं दिखा पाए। पुलिस का मानना है कि ये भैंसें चोरी की हो सकती हैं और तस्करी के लिए ले जाई जा रही थीं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
