मीरा-भायंदर/वसई-विरार: डिजिटल दौर में डेटिंग ऐप्स का गलत इस्तेमाल कर भोले-भाले लोगों को लूटने वाले एक शातिर गिरोह का मीरा-भायंदर, वसई-विरार (MBVV) पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने भंडाफोड़ किया है।
शिकायतकर्ता की टिंडर ऐप पर एक महिला से पहचान हुई थी, जो दरअसल सागर रावल नाम के एक युवक द्वारा बनाया गया एक फर्जी प्रोफाइल था। बातचीत आगे बढ़ी और एक दिन महिला ने शिकायतकर्ता को कॉफी पर बुलाया। मिलने के बाद, महिला ने उसे अपने घर आने का न्योता दिया और मसाज देने का झांसा दिया।
जैसे ही शिकायतकर्ता महिला के घर के कमरे में दाखिल हुआ, महिला ने उसे कपड़े उतारने को कहा। उसी पल चार अन्य आरोपी – सागर रावल, ऋषभ शिंदे, सोनू शेख, पाजी, और वह महिला – कमरे में घुस आए और शिकायतकर्ता को धमकाने लगे।
आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की मांग की और उसे पीटते हुए बंधक बना लिया। इतना ही नहीं, उसे अपनी सोने की चेन बेचने के लिए मजबूर किया गया, और कुल मिलाकर करीब साढ़े तीन लाख रुपये की लूट की गई।
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए, एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले सागर रावल और ऋषभ शिंदे को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान, इन दोनों ने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम बताए, जिसके बाद सभी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
