तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शहाबाद थाना क्षेत्र में छह लोगों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पॉक्सो (POCSO) मामले में आरोपी एक व्यक्ति ने जमानत पर रिहा होने के बाद नाबालिग रेप पीड़िता, उसकी मां और नानी की कथित तौर पर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी और दो बच्चों की भी जान ले ली।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान रंगारेड्डी जिले के शाबाद मंडल निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पहले से पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज था और कुछ दिन पहले ही उसे जमानत मिली थी। आरोप है कि जमानत पर बाहर आने के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, छह लोगों की हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने परिजनों को फोन कर बताया कि उसने दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है और अब वह आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में व्यापक अभियान चला रही है।
घटना के बाद पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
फ्यूचर सिटी के पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार आरोपी ने रात के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर हत्याओं को अंजाम दिया। इसके बाद उसने अपने पिता को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आरोपी फिलहाल फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं और जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
