भागलपुर (बिहार): सबौर अंचल कार्यालय के समीप एक बगीचे में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला का शव पेड़ से लटका मिला। मृतका की पहचान सीमा देवी, पत्नी साहिल दास के रूप में हुई है, जिनकी शादी मात्र एक वर्ष पूर्व हुई थी।
स्थानीय लोगों की सूचना पर सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा रहा।
बताया जा रहा है कि सीमा देवी का पति रोजगार के सिलसिले में अक्सर बाहर राज्य में रहते हैं और वह अधिकतर समय घर में अकेली रहती थीं। मृतका के परिजनों और गांववालों के अनुसार, शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच रिश्तों में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
मौके पर मौजूद लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि जिस पेड़ पर शव लटका मिला, वह काफी ऊंचा है, और फंदा जिस तरह से बंधा हुआ था, वह सामान्य आत्महत्या के मामलों से भिन्न प्रतीत हो रहा था। इससे घटना को लेकर संदेह और भी गहरा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। परिजनों से पूछताछ जारी है और पति से संपर्क कर बयान लिया जा रहा है।
