रायपुर: राजधानी रायपुर में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। मुंबई-रायपुर हाइवे पर रिंग रोड-2 के पास रात करीब 10:30 बजे एक उबर टैक्सी (क्रमांक CG 04 LF 9695) ने तेज रफ्तार में एक बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार पति-पत्नी और मासूम बच्ची करीब 150 से 200 मीटर तक घसीटते चले गए। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि महिला और बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बताया कि घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे के बाद उबर टैक्सी चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुट गई है। मौके पर डीडी नगर थाना टीआई समेत पुलिस बल तैनात रहा।
