प्रयागराज: साेरांव थाना क्षेत्र के वाराणसी-कानपुर हाइवे पर बिगाहियां पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें सेवानिवृत्त जवान समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन महिलाएं घायल हो गईं। घटना उस समय हुई, जब बिहार के गया से पिंडदान करके लौट रहे कुछ लोग अपनी गाड़ी में खराबी आने पर हाइवे किनारे आराम कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी कार को ठोकर मार दी।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। मृतकों की पहचान सुरेश बाजपेयी (61), तारा देवी (58), सुरेश सैनी (60) और राम सागर अवस्थी (55) के रूप में हुई है। मृतकों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
