फरीदाबाद: यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर गोली चलाने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी क्राइम मुकेश मल्होत्रा के नेतृत्व में सीआईए सेक्टर 30 और सेंट्रल की टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बदमाश इशांत गांधी गांव फरीदपुर के पास छिपा हुआ है। क्राइम ब्रांच की टीम ने उसकी घेराबंदी की, जिसके बाद खुद को घिरा देख इशांत ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इशांत गांधी पर्वतीय कॉलोनी का रहने वाला है और एल्विश यादव के घर पर हुई गोलीबारी के बाद से ही फरार था।
