नई दिल्ली: दिल्ली के नरेला थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे का शव संदिग्ध हालत में बरामद किया गया है। बच्चे के गले पर गहरे चोट के निशान मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, बच्चे की माँ, कोमल, ने बताया कि उनका पति नरेंद्र से विवाद चल रहा है, जिसकी वजह से वह अपने दोनों बच्चों के साथ अलग रहती हैं। उनका छोटा बेटा, जिसकी उम्र 10 वर्ष थी, मंगलवार को स्कूल गया था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। बाद में, उसके पति नरेंद्र ने कोमल को फोन कर बताया कि उसने ही अपने बेटे की हत्या कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आरोपी नरेंद्र फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस इस घटना की कई पहलुओं से जांच कर रही है।
