दिल्ली: यमुनापार उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्तफाबाद इलाके में एक सनकी आशिक ने लड़की की शादी से नाराज होकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में घायल लड़की को दिलशाद गार्डन स्थित गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिवार के मुताबिक, आरोपी लड़का काफी दिनों से लड़की को परेशान कर रहा था। इस बात की शिकायत उन्होंने दयालपुर थाने में भी दर्ज कराई थी, लेकिन उस समय मामला रफा-दफा हो गया। इस बीच 25 अगस्त को लड़की की शादी हो गई थी।
गुरुवार देर शाम जब लड़की मार्केट से लौटकर अपने भाई के घर आ रही थी, तभी आरोपी ने घर के सामने गली में उस पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत उसे अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही दयालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्राइम टीम व फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। पुलिस का कहना है कि हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश जारी है और वह भी इसी इलाके का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है।
