अजमेर में इजरायली महिला पर्यटक के साथ अभद्रता और अश्लील टिप्पणियों से जुड़ा करीब तीन साल पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। अजमेर पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे चार लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला किशनगढ़ के डंपिंग यार्ड का है, जहां करीब तीन साल पहले इजरायल की पर्यटक गालिया कोवो घूमने पहुंची थीं।
बताया गया कि डंपिंग यार्ड में मौजूद कुछ युवकों ने उस समय महिला पर्यटक के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और अश्लील टिप्पणियां की थीं। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया था। हाल के दिनों में यही वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल होने लगा। मामला सामने आने के बाद अजमेर पुलिस ने इसका संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया।
पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि और पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला के निर्देशन में थानाधिकारी अनिल शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जानकारी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर वीडियो में शामिल लोगों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद फुरखान, मोहम्मद अनीस, फरहान और अफसर अली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वीडियो करीब तीन साल पुराना है और उस समय वे किशनगढ़ डंपिंग यार्ड में मौजूद थे।
अजमेर के किशनगढ़ डंपिंग यार्ड में एक इजरायली महिला पर्यटक के साथ अभद्र भाषा और अश्लील टिप्पणियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, गांधीनगर थाना पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया।
— Rajasthan Police (@PoliceRajasthan) September 29, 2026
राजस्थान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के… pic.twitter.com/znWsLpfouF
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि घटना पुरानी होने के बावजूद वीडियो को हाल में सोशल मीडिया पर दोबारा प्रसारित किया गया। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने बिना किसी औपचारिक शिकायत का इंतजार किए जांच आगे बढ़ाई और आरोपियों तक पहुंची। चारों के खिलाफ BNSS की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
अजमेर पुलिस की कार्रवाई के बाद इजरायली पर्यटक गालिया कोवो ने राजस्थान पुलिस और अजमेर पुलिस का आभार जताया है। उन्होंने विशेष रूप से अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला और गांधी नगर थाना पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया। अपने संदेश में उन्होंने भारत के प्रति अपने लगाव का भी जिक्र किया।
गालिया कोवो ने बताया कि वह अकेले करीब छह महीने तक भारत की यात्रा कर चुकी हैं और आज भी भारत से उनका गहरा लगाव है। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में दिखाई देने वाले चार लोग पूरे भारतीय समाज का प्रतिनिधित्व नहीं करते। पर्यटक ने पिछले दिनों भारतीयों की ओर से मिले प्यार और समर्थन के लिए आभार जताया और कहा कि वह भविष्य में एक बार फिर भारत आना चाहेंगी।
