रोहिणी में फाइनेंसर से 1 करोड़ की रंगदारी की साजिश, 2 पिस्तौल और 14 कारतूस बरामद

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी के एक फाइनेंसर से कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में हरेंद्र नागर उर्फ केडी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सुरक्षा देने के नाम पर रकम मांगी थी और भुगतान से इनकार करने पर फाइनेंसर को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

रोहिणी में 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाला केडी गिरफ्तार
रोहिणी में 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाला केडी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी के एक फाइनेंसर से कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलने की साजिश के मामले में कुख्यात आरोपी हरेंद्र नागर उर्फ केडी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फाइनेंसर से सुरक्षा देने के नाम पर मोटी रकम की मांग की थी और भुगतान से इनकार करने पर वह उसे जान से मारने के इरादे से दिल्ली आया था।

रोहिणी सेक्टर-24 में घेराबंदी कर हुई गिरफ्तारी

पुलिस को 9 सितंबर को सूचना मिली थी कि नागर दिल्ली में मौजूद है और फाइनेंसर को लगातार धमकी भरे फोन कर रहा है। इसके बाद तकनीकी निगरानी के आधार पर उसकी सटीक लोकेशन का पता लगाया गया और रोहिणी सेक्टर-24 में एक नाले के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से दो अवैध पिस्तौल और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

अंबाला सोने की लूट और दीपक भौ गैंग से कनेक्शन

पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि नागर हरियाणा के अंबाला स्थित बलदेव नगर थाने में दर्ज 1.5 किलोग्राम सोने की लूट के मामले में भी वांछित था। उसने कबूल किया कि 18 अगस्त को उसने अपने सहयोगियों दीपक और छोटू के साथ मिलकर एक वैन से सोने के जेवर लूटे थे, जिन्हें बेचने की जिम्मेदारी दीपक को दी गई थी। इस मामले में हरियाणा पुलिस पहले भी कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

इसके अलावा, आरोपी नागर ने दावा किया कि वह दीपक भौ गैंग से जुड़ा हुआ था और उसी गैंग ने उसे ये हथियार व कारतूस मुहैया कराए थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, नागर के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में फिरौती के लिए अपहरण, धोखाधड़ी, हमला और अवैध हथियार रखने जैसी संगीन धाराओं में चार मामले दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच फिलहाल इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य साथियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale