Mathura Police Encounter: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधी मारे गए हैं। इस कार्रवाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि मारे गए दोनों बदमाश हाल ही में सुरीर कोतवाली क्षेत्र के टैटी गांव में हुई डकैती की वारदात में शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, एक बदमाश की पहचान धर्मवीर उर्फ लंबू के रूप में हुई है, जो राजस्थान के भरतपुर जिले के गहनौलीमोड थाना क्षेत्र का निवासी था। दूसरा बदमाश पप्पू उर्फ राजेंद्र बताया गया है, जो राजस्थान के अलवर जिले के बहरोड़ इलाके का रहने वाला था। दोनों अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
जानकारी के मुताबिक, 23 अप्रैल की रात इन बदमाशों ने मथुरा में व्यापारी अजय अग्रवाल के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया था। इसके बाद तीन लाख रुपये नकद और करीब 12 लाख रुपये से अधिक के जेवर लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में 17 टीमें लगाई थीं।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मौके से लूटा गया सामान और नकदी भी बरामद होने की बात कही जा रही है।
मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि व्यापारी के घर हुई डकैती के खुलासे के लिए कई टीमें बनाई गई थीं। जांच में सामने आया कि आरोपी नाम बदल-बदलकर अलग-अलग राज्यों में वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने यह भी बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, धर्मवीर और राजेंद्र के खिलाफ राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हत्या, लूट, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों के दर्जनों मामले दर्ज थे। इस एनकाउंटर को मथुरा पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
