Sexual Assault Case in Lucknow: लखनऊ के सैरपुर इलाके से हैवानियत की एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि 17 साल की एक किशोरी को घर में अकेला पाकर मकान मालिक ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया, वहीं एक किराएदार ने उसके साथ छेड़छाड़ की। किशोरी की माँ की शिकायत पर पुलिस ने किराएदार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी मकान मालिक फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
बीमार माँ के गाँव जाने पर हुई वारदात
पूरा मामला सैरपुर इलाके का है, जहाँ एक महिला अपने बच्चों के साथ मान सिंह नामक युवक के मकान में किराए पर रहती है। महिला की तबीयत खराब होने के कारण वह अपने गाँव चली गई थी, जबकि बच्चे उसके साथ नहीं गए।
इसी दौरान, मकान मालिक मान सिंह ने 17 साल की किशोरी को घर में अकेला पाकर उसके साथ कथित तौर पर रेप किया। उसी मकान में रहने वाले किराएदार आशाराम ने भी किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने किशोरी को किसी को भी कुछ न बताने की गंभीर धमकी भी दी।
माँ की शिकायत पर केस दर्ज
जब किशोरी की माँ गाँव से लौटीं, तो बेटी ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी की बात सुनते ही माँ के होश उड़ गए। इसके बाद पीड़िता की माँ ने मकान मालिक मान सिंह से घटना को लेकर बात की, तो उसने माँ के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता की माँ ने तुरंत थाने पहुँचकर मकान मालिक और किराएदार के खिलाफ रेप और छेड़खानी का केस दर्ज कराया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छेड़खानी के आरोपी आशाराम को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी मकान मालिक मान सिंह फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
