मकराना, कुचामन: राजस्थान के कुचामन जिले के मकराना बोराबड़ क्षेत्र में मजदूरी से लौट रहे दलित युवक अशोक मेघवाल की बुधवार रात बेरहमी से पिटाई की गई। आरोप है कि राकेश आंवला (जाट) ने उसे रास्ते में रोककर पहले चप्पलों से मारा और फिर अपने साथियों के साथ लाठी-डंडों से हमला किया। आरोपियों ने ही घटना का वीडियो बनाया, जिसमें अशोक को लगातार पीटा जाता दिख रहा है।
गंभीर रूप से घायल अशोक को गुरुवार देर रात कुचामन अस्पताल लाया गया, जहां से उसे जेएलएन अस्पताल अजमेर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। परिवार ने कहा कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, शव का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं होगा।
पुलिस ने वीडियो में दिख रहे मुख्य आरोपी राकेश जाट को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है और मौके पर ग्रामीणों को समझाइश दी जा रही है। दलित समाज में घटना को लेकर गहरा रोष है। अखिल मेघवंश मेघवाल महासभा के उपाध्यक्ष संजीव खींची ने उच्चस्तरीय जांच और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
