मांड्या: कर्नाटक के मांड्या जिले में रविवार (7 सितंबर 2025) को गणपति विसर्जन के दौरान हिंसक झड़प हो गई। शोभायात्रा के मस्जिद के पास पहुँचते ही उस पर पथराव कर दिया गया। इसके बाद माहौल बिगड़ गया और दोनों समुदायों के बीच तनाव फैल गया। दोनों ओर से पथराव हुआ, जिसमें कम से कम 8 लोग घायल हो गए।
गणपति विसर्जन में शामिल श्रद्धालुओं का आरोप है कि भगवान गणेश की प्रतिमा पर भी हमला किया गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने इस हिंसा और पथराव के मामले में 21 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूरे क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी गई है।
इसी दौरान, कर्नाटक के ही शिवमोग्गा जिले से एक और विवादित घटना सामने आई है। यहां गणपति विसर्जन के दौरान दो मुस्लिम युवकों पर भगवान गणेश की प्रतिमा पर थूकने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद भी इलाके में तनाव बढ़ गया और पुलिस ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
