Kaithal Murder Case: हरियाणा के कैथल जिले के स्यू माजरा गांव में रविवार रात एक मामूली रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। यह घटना उस समय घटी जब गुरविंदर अपने भतीजे सतनाम सिंह के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में तूड़ी (भूसा) लादकर खेत से घर वापस आ रहे थे। रात करीब 11 बजे नहर के पास गांव के ही प्रताप सिंह ने उनका रास्ता रोक लिया और दावा किया कि यह उसकी निजी जमीन है, जिसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी प्रताप सिंह ने तैश में आकर अपनी बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी। चश्मदीद भतीजे सतनाम के अनुसार, आरोपी ने कुल तीन राउंड गोलियां चलाईं। दो गोलियां सतनाम को निशाना बनाकर चलाई गईं, लेकिन वह बाल-बाल बच गया, जबकि तीसरी गोली गुरविंदर सिंह की छाती में जा लगी। गोली लगते ही गुरविंदर लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें गुहला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टर तेजेंद्र सिंह ने बताया कि अत्यधिक खून बहने और गंभीर चोट के कारण गुरविंदर की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
इस हत्याकांड के बाद स्यू माजरा गांव में शोक और भारी तनाव व्याप्त है। सूचना मिलते ही गुहला थाना प्रभारी सुनेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सतनाम सिंह के बयान के आधार पर आरोपी प्रताप सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस प्रशासन ने गांव में शांति बनाए रखने की अपील की है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
