Jamshedpur DD Bar Murder Case: जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के सामने हुए चर्चित हत्याकांड में जान गंवाने वाले हिमांशु सिंह के शव का पोस्टमार्टम बुधवार तड़के करीब तीन बजे एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया। जिला प्रशासन के निर्देश पर देर रात ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। हालांकि, इस दौरान मृतक के परिजन मौजूद नहीं थे, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, कानून-व्यवस्था की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने रात में ही पोस्टमार्टम कराने का फैसला लिया। चिकित्सकों की टीम ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस में ही रखा गया है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि पोस्टमार्टम शुरू होने से पहले उन्हें पर्याप्त सूचना नहीं दी गई। उनका कहना है कि परिवार के किसी सदस्य की मौजूदगी के बिना इतनी महत्वपूर्ण कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दी गई, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।
बताया गया कि टाटा मुख्य अस्पताल से शव को पुलिस निगरानी में करीब 2:30 बजे पोस्टमार्टम हाउस लाया गया था। प्रशासन का कहना है कि शहर की संवेदनशील स्थिति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल पोस्टमार्टम कराना आवश्यक था। प्रशासन के अनुसार, पूरी प्रक्रिया कानूनी प्रावधानों के अनुरूप और सक्षम अधिकारियों की निगरानी में संपन्न कराई गई।
गौरतलब है कि डीडी बार के बाहर हुए हमले में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की मंगलवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है।
मृतक के परिजनों की मांग थी कि मुख्य आरोपी के खिलाफ एनकाउंटर की कार्रवाई और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाए। इसके बावजूद मंगलवार देर रात पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई।
मामले में पुलिस अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। इसके अलावा जिले के एसएसपी को भी पद से हटा दिया गया है।
