Delhi IRS Officer Daughter Murder: दक्षिणी दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक आईआरएस (IRS) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका आईआईटी दिल्ली से पास आउट थी और वर्तमान में आईएएस (IAS) बनने का सपना लेकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। पुलिस ने इस मामले में घर के पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है।
प्रतिभाशाली छात्रा और आईएएस बनने का सपना
मृतिका बचपन से ही पढ़ाई में काफी तेज थी और उसने आरके पुरम स्थित डीपीएस से 12वीं करने के बाद जेईई एडवांस्ड जैसी कठिन परीक्षा क्रैक कर आईआईटी दिल्ली में दाखिला लिया था। इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद वह अपने पिता की तरह एक बड़ी अफसर बनना चाहती थी और पिछले एक साल से यूपीएससी की तैयारी में जुटी थी। आगामी 24 मई को होने वाली प्रारंभिक परीक्षा के लिए उसने घर की तीसरी मंजिल पर बने स्टडी रूम में खुद को पूरी तरह पढ़ाई के लिए समर्पित कर दिया था। पढ़ाई के अलावा उसे नृत्य का भी बहुत शौक था और उसने कई डांस प्रतियोगिताओं में पुरस्कार भी जीते थे।
बदला लेने के इरादे से की वारदात
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी राहुल मीणा पिछले आठ महीनों से अधिकारी के घर में घरेलू सहायक के रूप में कार्यरत था। उसे करीब डेढ़ महीने पहले पैसों की हेराफेरी, गलत आदतों और दुकानदारों से उधार लेने की वजह से नौकरी से हटा दिया गया था। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि इसी अपमान का बदला लेने के लिए उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। आरोपी को घर की दिनचर्या और चाबी रखने की गुप्त जगह के बारे में पूरी जानकारी थी। बुधवार सुबह जब छात्रा के माता-पिता जिम गए थे, तब उसने घर में घुसकर युवती के साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। फरार होते समय उसने घर में चोरी भी की।
आदतन अपराधी है आरोपी
राहुल मीणा के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। बताया गया है कि दिल्ली में इस दरिंदगी को अंजाम देने से कुछ ही घंटे पहले, मंगलवार रात 11 बजे उसने अलवर में भी अपनी एक पड़ोसी महिला के साथ दुष्कर्म किया था। वह सुबह से ही घर के पास स्थित पार्क में बैठकर अधिकारी के जाने का इंतजार कर रहा था। चूंकि उसने घर में लंबे समय तक काम किया था, इसलिए सुरक्षा गार्ड ने भी उस पर शक नहीं किया।
माता-पिता के लौटते ही हुआ खुलासा
घटना का पता तब चला जब सुबह करीब 8 बजे छात्रा के माता-पिता जिम से लौटे और उन्होंने बेटी को बेडरूम में बेसुध पाया। उसे तुरंत एम्स (AIIMS) ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमर कॉलोनी थाना पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी कोई साइको किलर है या पेशेवर अपराधी। इस घटना ने न केवल एक उभरती हुई मेधावी छात्रा का जीवन समाप्त कर दिया, बल्कि एक पूरे परिवार के सपनों को भी उजाड़ दिया है।
