Hathras Police Encounter: हाथरस में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक मुठभेड़ में लूट की कोशिश करने वाला एक शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया है, जबकि उसके दूसरे साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल बदमाश को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह मुठभेड़ उन बदमाशों से जुड़ी है, जिन्होंने हाल ही में कस्बा मुरसान निवासी व्यापारी अमित अग्रवाल के घर में घुसकर लूट की कोशिश की थी। बदमाशों ने अमित की पत्नी को तमंचा दिखाकर लूटपाट का प्रयास किया था, लेकिन बुजुर्ग महिला के बदमाशों से भिड़ जाने और शोर मचाने पर बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद से ही पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो शातिर बदमाश कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव सुसावली बम्बे के पास चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो वे नहीं रुके और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगे।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश ओमवीर उर्फ सोनू गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी देवा को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से पुलिस ने 2 तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि घायल बदमाश को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाथरस पुलिस व मिशन शक्ति टीम की द्वारा थाना मुरसान क्षेत्रान्तर्गत लूट के उद्देश्य से घर मे घुसने व फायरिंग की घटना का सफल अनावरण करते हुये घटना मे शामिल 01 आरोपी पुलिस मुठभेड़ के उपरान्त गोली लगने से घायल/गिरफ्तार तथा 01 अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के सम्बन्ध में #ASPHts की बाईट https://t.co/TXtkCcjPlG pic.twitter.com/IIfWUgcbdX
— HATHRAS POLICE (@hathraspolice) October 10, 2025
