भोपाल: भोपाल में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां महज 8वीं पास एक शातिर ठग ने क्राइम ब्रांच का अफसर बनकर एक महिला होम्योपैथिक डॉक्टर को डिजिटल अरेस्ट कर 90 हजार रुपए ठग लिए। आरोपी की पहचान आजाद के रूप में हुई है, जिसे साइबर क्राइम पुलिस ने कानपुर से गिरफ्तार किया है।
जांच में पता चला है कि आजाद पिछले 4 सालों में सैकड़ों लोगों को इसी तरह ठग चुका है। वह किराए के खातों का इस्तेमाल कर ठगी के पैसे ट्रांसफर करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से 6 खाते बरामद किए हैं, जिनमें करीब एक करोड़ रुपए का लेनदेन पाया गया है। पुलिस अब आजाद को सिम कार्ड उपलब्ध कराने वालों की पहचान में जुटी है।
आरोपी आजाद पीएम आवास योजना में आधार लिंक, जनधन योजना और पोर्न साइट्स देखने पर कार्रवाई का डर दिखाकर लोगों को अपना शिकार बनाता था। अनुमान है कि वह 4 से 5 हजार लोगों से ठगी कर चुका है।
