बेगूसराय, बिहार: बेगूसराय से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेखौफ अपराधियों ने एक 35 वर्षीय प्राइवेट शिक्षक की निर्मम तरीके से गला रेतकर हत्या कर दी और शव को कावर झील के बहियार में फेंक दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
यह घटना छौड़ाही थाना क्षेत्र के कावर बहियार इलाके की है। मृतक की पहचान गढ़पुरा थाना क्षेत्र के कनौसी गांव निवासी स्व. वशिष्ठ नारायण सिंह के पुत्र धर्मेंद्र कुमार उर्फ बाबुल कुमार (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है।
हत्या की सूचना मिलते ही गढ़पुरा थाना और छौड़ाही थाना की पुलिस मौके पर पहुँची। लेकिन घटनास्थल चार थाना क्षेत्रों की सीमा पर होने के कारण सीमा विवाद उत्पन्न हो गया।
नक्शा और अमीन की मदद से स्पष्ट किया गया कि यह क्षेत्र छौड़ाही थाना अंतर्गत एकंबा श्रीपुर मौजा में आता है। इसके बाद छौड़ाही थाना पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा।
फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुँची और खून के धब्बे व अन्य नमूनों को इकट्ठा कर जांच शुरू की।
bरात में जब उनकी मां ने कॉल किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार सुबह सकड़ा गांव के पास कावर क्षेत्र में शव मिलने की सूचना मिली। शव देखकर परिजनों ने उसकी पहचान की।
परिजनों के अनुसार, किसी ने फोन कर बुलाकर बाबुल को ले गया था और फिर निर्मम तरीके से गला रेतकर हत्या कर दी।
घंटों तक शव सीमा विवाद के कारण मौके पर ही पड़ा रहा। गढ़पुरा सीओ राजन कुमार ने स्पष्ट किया कि यह इलाका उनके कार्यक्षेत्र में नहीं आता। इसके बाद छौड़ाही सीओ चंद्रप्रकाश की मौजूदगी में अमीन द्वारा मापी कराई गई, तब जाकर शव उठाया गया।
बखरी डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने शिक्षक की धारदार हथियार से हत्या की है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और संदिग्ध पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
