दरभंगा: जिला के बहेड़ी थाना क्षेत्र के सिमरी चोरनिया चौड़ के पास एक पुलिया के नीचे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान शौकत अली उर्फ मो. राजा (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हायाघाट थाना क्षेत्र के ओलियाबाद का रहने वाला था और बहेड़ी के बघौनी चौक पर ऑटो इलेक्ट्रिक का काम करता था।
शौकत की लाश मुख्य सड़क किनारे पुलिया के नीचे पड़ी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता सहित कई थानों की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। बेनीपुर एसडीपीओ आशुतोष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों को गहरा शक है कि शौकत की हत्या कर शव को वहां फेंका गया है।
परिजनों ने तुफैल नामक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। हैरानी की बात यह है कि तुफैल ने ही शौकत के परिजनों को जाकर बताया था कि उसकी लाश पुल के नीचे पड़ी है, और वह शौकत के पिता को अपनी बाइक पर बैठाकर घटनास्थल तक लाया था।
जब पुलिस ने तुफैल को हिरासत में लेने की कोशिश की, तो परिजनों और पुलिस के बीच हल्की झड़प हो गई। परिजन तुफैल को अपने कब्जे में लेना चाह रहे थे, जबकि पुलिस उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत पूछताछ के लिए ले जाना चाह रही थी। हंगामे के बाद, पुलिस ने तुफैल को हिरासत में ले लिया है और उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। शव को भी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
