गुवाहाटी: असम की सिविल सेवा अधिकारी नुपूर बोरा को आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मात्र 6 साल की सेवा में उनके पास से करोड़ों रुपये के नकद और जेवर बरामद किए गए। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि विवादित जमीन लेनदेन और शिकायतों के कारण पिछले 6 महीनों से उन पर कानूनी नजर रखी जा रही थी।
सूत्रों के अनुसार स्पेशल विजिलेंस टीम ने गुवाहाटी स्थित नुपूर के घर पर छापा मारा, जहां से 92 लाख रुपये नकद और लगभग 2 करोड़ रुपये के जेवर बरामद हुए। वहीं, बारपेटा में उनके किराए के घर से करीब 10 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। टीम ने उनके सहयोगी लाट मंडल सुरजीत डेका के घर भी जांच की।
नुपूर बोरा 31 मार्च 1989 को गोलाघाट जिले में जन्मीं और 2019 में असम सिविल सेवा में शामिल हुईं। उन्होंने गुवाहाटी यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी साहित्य में बैचलर की डिग्री हासिल की और कॉटन कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की। सिविल सेवा में शामिल होने से पहले बोरा लेक्चरर भी रह चुकी हैं।
कार्बी अंगलोंग में सहायक आयुक्त के तौर पर अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत करने के बाद, मार्च 2019 से जून 2023 तक उन्होंने यह पद संभाला। जून 2023 में उन्हें बरपेटा में सर्किल ऑफिसर नियुक्त किया गया, और बाद में कामरूप जिले में तबादला किया गया। मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि आय से अधिक संपत्ति और विवादित जमीन मामलों में शिकायतों के आधार पर सख्त कार्रवाई की गई है।
