US-Canada Trade War: ट्रेड वॉर टला, ट्रंप ने कनाडा पर 50 फीसदी का भारी-भरकम टैरिफ टाला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से आयात होने वाले कुछ सामानों पर प्रस्तावित 50 फीसदी टैरिफ को आखिरी वक्त पर टाल दिया है। यह फैसला अमेरिका और कनाडा के बीच हुई लास्ट मिनट डील के बाद लिया गया। टैरिफ बुधवार रात 12:01 बजे लागू होना था, लेकिन डेडलाइन से कुछ घंटे पहले रोक की घोषणा से कनाडा को बड़ी राहत मिली है।

डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा पर 50% टैरिफ पर लगाई रोक
डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा पर 50% टैरिफ पर लगाई रोक

कनाडा से आयात होने वाले सामानों पर 50 फीसदी का भारी-भरकम अमेरिकी टैरिफ लागू होने की समयसीमा से ठीक पहले एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐन मौके पर अपना फैसला बदलते हुए इस नए टैरिफ को टालने (पॉज करने) का ऐलान किया है। उन्होंने यह फैसला अमेरिका और कनाडा के बीच अंतिम समय (लास्ट मिनट) में हुए एक बड़े समझौते (US-Canada Deal) के बाद लिया है।

डेडलाइन से दो घंटे पहले फैसला

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल (Truth Social) पर पोस्ट साझा कर कनाडा को इस बड़ी राहत की जानकारी दी। यह टैरिफ बुधवार की रात 12:01 बजे से लागू होने वाला था, लेकिन डेडलाइन खत्म होने से दो घंटे से भी कम समय पहले ट्रंप ने इसे रोकने का ऐलान किया।

ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने कनाडा के खिलाफ लागू होने वाले 50% टैरिफ को रोक दिया है। उन्होंने बताया कि दस्तावेजों को अंतिम रूप दिए जाने की शर्त पर दोनों देशों के बीच एक समझौता तय हो गया है। इस फैसले से कनाडा से अमेरिका पहुंचने वाले लगभग 20 अरब डॉलर के इंपोर्ट पर फिलहाल टैरिफ का खतरा टल गया है और दोनों देशों को विस्तृत चर्चा के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। इससे दोनों पुराने सहयोगियों के बीच रिश्तों में और अधिक कड़वाहट आने से बच गई है।

किन सामानों पर पड़ने वाला था असर?

यदि यह 50 फीसदी टैरिफ लागू हो जाता, तो कनाडाई निर्यात और दोनों देशों के बीच के व्यापार पर इसका भारी असर पड़ता। यह टैरिफ कनाडा से अमेरिका होने वाले कुल आयात के लगभग 5 फीसदी हिस्से को प्रभावित करता। इसके तहत हॉकी स्टिक से लेकर टंग डिप्रेशर (जीभ दबाने वाले उपकरण) समेत कई अन्य प्रोडक्ट्स शामिल थे।

आर्थिक से ज्यादा राजनीतिक प्रभाव

विशेषज्ञों के अनुसार, आर्थिक नजरिए के साथ-साथ इस फैसले का राजनीतिक प्रभाव भी काफी गहरा होता। अगर यह टैरिफ लागू हो जाता तो दोनों पड़ोसी देशों के बीच एक बार फिर से पूर्ण ट्रेड वॉर (व्यापार युद्ध) छिड़ सकता था। ट्रंप के टैरिफ वाले कदम के जवाब में कनाडा ने भी अमेरिकी सामानों पर जवाबी टैक्स लगाने की चेतावनी दी थी। गौरतलब है कि इन दोनों देशों ने बीते वर्ष आपस में लगभग 880 अरब डॉलर का सामान और सेवाओं का द्विपक्षीय व्यापार किया था। फिलहाल इस लास्ट मिनट डील से दोनों पक्षों को राहत मिली है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale