Delhi Rohini Fire: दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-5 स्थित रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार देर रात झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। यह आग रात करीब 10:56 बजे दिल्ली जल बोर्ड स्टाफ क्वार्टर के नजदीक बंगाली बस्ती की झुग्गियों में भड़की और कुछ ही मिनटों में तेजी से फैल गई। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि करीब 400 से 500 झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 29 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रातभर की कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार सुबह आग पर काबू पाया गया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान मुन्ना (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि राजेश (30 वर्ष) को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इसके अलावा एक बच्चे के घायल होने की भी जानकारी मिली है।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारी एस.के. दुआ ने बताया कि आग रिठाला मेट्रो स्टेशन और दिल्ली जल बोर्ड परिसर के बीच स्थित झुग्गियों में लगी थी। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही फायर टेंडर तुरंत मौके पर पहुंच गए और कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इलाके में रखे कई एलपीजी सिलेंडरों के फटने से आग तेजी से फैली और झुग्गियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान आसमान में धुएं का घना गुबार उठता देखा गया, जबकि लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागते नजर आए। कई परिवारों ने रातों-रात अपने घर और सामान गंवा दिया।
प्रशासन और स्थानीय टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी आश्रय और मदद के इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। फिलहाल, आग पूरी तरह बुझा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है।
