मुंबई: शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी के मुंबई में मनोरंजन कार्यक्रमों में शामिल होने पर राउत ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब देश में इतनी बड़ी घटना हुई, लोग मारे गए, तो प्रधानमंत्री को ऐसे समय में मनोरंजन की दुनिया में नौ घंटे बिताना शोभा नहीं देता।
राउत ने कहा, “27 लोग मारे गए, लोगों में आक्रोश है, लेकिन मोदी यहां आराम से हैं। देश में आक्रोश है और सितारे तालियां बजा रहे हैं। पहलगाम हमले के बाद मोदी को 15 दिनों तक अपने सभी कार्यक्रम रद्द करने चाहिए थे, लेकिन वे सितारों के बीच व्यस्त थे।” उन्होंने मौजूदा सरकार को ‘खोखली’ बताते हुए कहा कि विपक्ष को सरकार की गलतियां बतानी चाहिए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए राउत ने कहा कि उरी से लेकर पहलगाम तक जो भी घटनाएं हुई हैं, उनके लिए अमित शाह जिम्मेदार हैं। उन्होंने मांग की कि अगर अमित शाह सच्चे देशभक्त हैं, तो उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। राउत ने कहा, “अमित शाह 24 घंटे सरकार गिराने, सांसद-विधायक तोड़ने में लगे रहते हैं। इन हमलों के लिए अमित शाह जिम्मेदार हैं। शिवराज पाटिल ने इस्तीफा दिया था, तो अमित शाह को भी इस्तीफा देना चाहिए।”
राउत ने कहा कि अमित शाह अब जवाब देने की बात कर रहे हैं, लेकिन जवाब तो हमारी सेना देगी। उन्होंने विपक्ष से भी सवाल किया कि वे पहलगाम के मुद्दे पर सरकार का साथ क्यों दे रहे हैं।
