Bihar Weather Today: बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान मोंथा शुक्रवार को पूरे बिहार पर पूरी तरह हावी रहा। सुबह से लेकर रात तक झमाझम बारिश और सर्द हवाओं ने राज्य का मौसम बदल दिया। पटना, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, अरवल सहित लगभग पूरे प्रदेश में लगातार बारिश होती रही। हिमालय की तराई वाले जिलों में तो अति भारी वर्षा दर्ज की गई। अचानक हुई इस बारिश से लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अब यह तूफान कमजोर पड़ रहा है और अगले 24 घंटे में इसका असर खत्म हो जाएगा।
आज का मौसम कैसा रहेगा
शनिवार को भी तूफान का असर बिहार में दिखाई देगा। विशेषकर पूर्वी जिलों में आज भारी बारिश की संभावना है। किशनगंज, अररिया और पूर्णिया जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। सीमांचल और पूर्वी बिहार के अन्य जिलों — जैसे भागलपुर और जमुई — में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। इन 12 जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों में बारिश की संभावना कम है, लेकिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और धूप नहीं निकलेगी।
कब मिलेगी राहत
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज के बाद बारिश का सिलसिला रुक जाएगा। रविवार से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दिन के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, अब बिहार में ठंड की दस्तक हो चुकी है और आने वाले दिनों में तापमान धीरे-धीरे नीचे जाएगा।
दिन और रात का तापमान लगभग समान
मौसम में बदलाव की वजह से पिछले कुछ दिनों से दिन और रात के तापमान में अंतर खत्म होता जा रहा है। 31 अक्टूबर को पटना का अधिकतम तापमान 26.6°C और न्यूनतम 22.4°C दर्ज किया गया। मुजफ्फरपुर में दिन का तापमान 22.8°C और रात का 22.2°C रहा। कई जिलों में यही स्थिति देखने को मिली। इसका मतलब यह है कि अब दिन और रात दोनों समय ठंडक बराबर महसूस हो रही है। मौसम फिलहाल स्थिर और ठंडा बना हुआ है।
