नई दिल्ली: देश के अगले उपराष्ट्रपति के लिए भाजपा नीत एनडीए ने अपने प्रत्याशी के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड की आज शाम करीब 6 बजे बैठक होगी, जिसमें उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, एनडीए शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री नामांकन प्रक्रिया में शामिल होंगे। नामांकन 21 अगस्त को दाखिल किया जाएगा।
संसदीय कार्य मंत्री किरेंन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार का नाम तय करेंगे। रिजिजू ने यह जानकारी संसद भवन में हुई एनडीए फ्लोर लीडर्स की अहम बैठक के बाद दी।
बैठक में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, शिवसेना नेता श्रीकांत शिंदे, मिलिंद देवड़ा, प्रफुल्ल पटेल, लोजपा प्रमुख चिराग पासवान, आरएलएसपी के उपेंद्र कुशवाहा, जेडीयू नेता ललन सिंह, अनुप्रिया पटेल और रामदास अठावले सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
चुनाव आयोग ने 7 अगस्त को उपराष्ट्रपति चुनाव की अधिसूचना जारी की थी। तय कार्यक्रम के अनुसार, 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति के लिए मतदान होगा। नामांकन दाखिल करने और नाम वापस लेने की तिथियां भी निर्धारित की जा चुकी हैं।
यह चुनाव पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद हो रहा है। उन्होंने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर स्वास्थ्य कारणों के चलते पद छोड़ने की घोषणा की थी।
