पाकिस्तान में 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के जश्न के दौरान कराची में बेकाबू हवाई फायरिंग ने तीन लोगों की जान ले ली। मृतकों में एक आठ वर्षीय बच्ची और एक बुजुर्ग भी शामिल हैं। इसके अलावा 60 से अधिक लोग गोली लगने से घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत नाजुक है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जैसे ही रात 12 बजे आजादी का जश्न शुरू हुआ, शहर के कई हिस्सों में आतिशबाजी के साथ बेतहाशा फायरिंग होने लगी। अजीजाबाद ब्लॉक-8 में आठ साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कोरंगी इलाके में स्टीफन नामक व्यक्ति की गोली लगने से जान चली गई। एक अन्य व्यक्ति की मौत भी फायरिंग में हुई।
लियाकताबाद, बलदिया, कोरंगी, केमारी, ल्यारी, अख्तर कॉलोनी, महमूदाबाद, जैकसन, ओरंगी टाउन और पापोश नगर जैसे इलाकों में कुल 64 लोग घायल हुए। सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जश्न सुरक्षित तरीके से मनाएं और हथियारों का इस्तेमाल न करें।
