बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को भीड़ ने पकड़कर पोल से बांधकर बेरहमी से पीटा। घटना नगर थाना क्षेत्र के एनएच-31 के समीप की है, जहां लोगों ने कथित चोर को रंगेहाथों पकड़ लिया और तालिबानी-तरीके से सजा देते हुए सड़क किनारे पीटने लगे।
जानकारी के मुताबिक, मंझौल निवासी रामचंद्र झा किसी केस की तारीख पर बेगूसराय कोर्ट जा रहे थे। जैसे ही वह वाहन से उतरे और कचहरी की ओर बढ़े, तभी एक युवक ने उनका मोबाइल झपट लिया और भागने लगा। रामचंद्र झा के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया और पोल से बांधकर मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान स्थानीय बुद्धिजीवियों और कुछ सामाजिक लोगों ने हस्तक्षेप कर युवक को भीड़ से बचाया। डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी।
नगर थानाध्यक्ष के अनुसार, आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है और कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।
