नर्मदापुरम में हैरान करने वाला विवाद: ₹1000 और खेत की बटाई के झगड़े में जेठानी ने दांतों से काटा देवरानी का कान

नर्मदापुरम जिले के केसला ब्लॉक में खेत की बटाई और ₹1000 के लेनदेन को लेकर देवरानी और जेठानी के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान देवरानी ने जेठानी का कान दांतों से काट लिया, जिससे उसका कान गंभीर रूप से प्रभावित हो गया।

देवरानी-जेठानी के झगड़े में कान काटने का आरोप
देवरानी-जेठानी के झगड़े में कान काटने का आरोप

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के केसला ब्लॉक से एक हैरान कर देने वाला पारिवारिक विवाद सामने आया है। यहाँ खेत की बटाई और महज ₹1000 के लेनदेन को लेकर देवरानी और जेठानी के बीच हुआ झगड़ा हिंसक हो गया। आरोप है कि इस दौरान देवरानी ने जेठानी का कान दांतों से काट लिया, जिससे उसका कान गंभीर रूप से प्रभावित हो गया है।

घायल महिला को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल इटारसी में भर्ती कराया गया है। पीड़िता 27 वर्षीय रवीना कासदे ने बताया कि उनके परिवार के बीच करीब एक एकड़ खेत की बटाई को लेकर विवाद चल रहा था। खेत की तैयारी में उसने भी अपने पैसे लगाए थे, इसलिए खेती शुरू होने पर उसने अपने ₹1000 वापस मांगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

रवीना का आरोप है कि जब वह विवाद के दौरान घर के अंदर जाने लगी, तभी जेठानी ने उसे पकड़ लिया और मारपीट करने लगी। इसी दौरान उसने कान पर दांतों से हमला कर दिया। हमले में कान का बड़ा हिस्सा बुरी तरह प्रभावित हुआ है और डॉक्टरों के अनुसार गंभीर चोट के कारण आगे कान के रिकंस्ट्रक्शन की जरूरत पड़ सकती है।

पीड़िता के अनुसार, विवाद बढ़ने पर उसने गांव के सरपंच को बुलाने की बात कही थी, लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा और यह घटना घट गई। रवीना के पति मजदूरी का काम करते हैं और उनके दो बच्चे हैं।

घटना के बाद पीड़िता ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि आवेदन मिल चुका है और मेडिकल रिपोर्ट व दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच की जा रही है, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पारिवारिक विवाद में किसी महिला द्वारा दूसरी महिला का कान काट लेने की इस चौंकाने वाली घटना ने इलाके में चर्चा छेड़ दी है। इससे पहले भी क्षेत्र में एक दर्दनाक मामला सामने आया था, जहाँ एक पिता ने अपनी 13 दिन की बच्ची की हत्या कर दी थी और पत्नी मुस्कान की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale