पटना: राजधानी पटना में एक युवती ने एनएमसीएच (नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल) के एक पीजी छात्र पर पहचान छिपाकर संबंध बनाने और यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। युवती की ओर से महिला थाने में रेप, धोखा और अपहरण की कोशिश जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
युवती का आरोप है कि आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर ‘सोनू’ नाम से परिचय कराया और उसका विश्वास जीतने के लिए छठ पूजा में अर्घ्य तक दिया। बाद में प्रेम संबंध बनाए। युवती के मुताबिक, सच्चाई सामने आने पर आरोपी ने उस पर धार्मिक पहचान बदलने का दबाव डाला और जबरन गौमांस खिलाने व नमाज़ पढ़ने को मजबूर किया।
आरोप है कि पीड़िता के इनकार करने पर आरोपी ने किसी और से निकाह कर लिया और विरोध करने पर परिवार सहित मारपीट की। युवती ने यह भी कहा कि आरोपी ने उसका अपहरण कराने की कोशिश की, जिससे वह डरी हुई है।
पीड़िता के अनुसार, वह 14 जून को महिला थाने प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंची, लेकिन 5 दिन तक टाल-मटोल के बाद जब वह डीजीपी के जनता दरबार पहुंची, तब जाकर 19 जून को एफआईआर दर्ज की गई। युवती ने कहा कि उसने ‘लव जिहाद’ का आरोप भी लगाया है, लेकिन इससे संबंधित धाराएं नहीं जोड़ी गईं।
