राहुल गांधी की हिरासत पर शशि थरूर का बड़ा बयान, बोले- तस्वीरें देखकर बहुत परेशान हूं

दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA गठबंधन के प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया। संसद भवन से निर्वाचन सदन की ओर मार्च कर रहे विपक्षी सांसदों को पुलिस ने रोका, जिसके बाद नेताओं ने धरना शुरू किया।

राहुल गांधी की हिरासत पर शशि थरूर ने दी प्रतिक्रिया, जानें क्या कहा
राहुल गांधी की हिरासत पर शशि थरूर ने दी प्रतिक्रिया, जानें क्या कहा

विपक्षी इंडिया गठबंधन ने मंगलवार को नई दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया। संसद भवन से निर्वाचन सदन तक निकाले गए सांसदों के मार्च को पुलिस ने नीति आयोग और आकाशवाणी भवन के पास रोक दिया, जिसके बाद विपक्षी नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।

नाटकीय घटनाक्रम के बीच दोपहर 12:20 बजे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और अन्य नेता आकाशवाणी भवन परिसर में बरगद के पेड़ के नीचे धरने पर बैठे। इस दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि करीब 300 सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए इसे देशद्रोह करार दिया। धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

करीब आठ घंटे चले धरने के बाद रात 8 बजे दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, इमरान प्रतापगढ़ी, डेरेक ओब्रायन और मोहिबुल्ला नदवी समेत अन्य नेताओं को बलपूर्वक उठाया और बस में बैठाकर किंग्सवे कैम्प ले गई। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 10 सांसदों समेत कुल 260 लोगों को हिरासत में लिया गया था। हालांकि, रात लगभग 10 बजे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं को रिहा कर दिया गया।

हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि लोकतंत्र के गद्दारों को बचाने के लिए बचे-खुचे लोकतंत्र को घसीटा गया है और इसका हिसाब होगा, एक भी देशद्रोही बख्शा नहीं जाएगा।

उधर, इस प्रदर्शन में शामिल न हो पाने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी सरकार पर करारा हमला बोला। जर्मनी के बर्लिन में चार महीने पहले तय एक कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के कारण प्रदर्शन में न पहुंच पाने की बात स्पष्ट करते हुए थरूर ने एक्स पर लिखा कि राहुल गांधी के साथ हाथापाई और उन्हें हिरासत में लेने की तस्वीरें देखकर वे बहुत परेशान हैं। उन्होंने कहा कि 13 करोड़ मतदाताओं को मताधिकार से वंचित कर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, और इस मामले पर सरकार की प्रतिक्रिया बेहद शर्मनाक है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale